सुस्वागतम्

"संस्कृति सेतु" पर पधारने हेतु आपका आभार। आपकी उपस्थिति हमारा उत्साहवर्धन करती है, कृपया अपनी बहुमूल्य टिप्पणी अवश्य दर्ज़ करें। -- नीलम शर्मा 'अंशु'

रविवार, फ़रवरी 11, 2018

वृहनल्ला: ग्लानि, गाली या लैंगिक विकृति ?

                                                                                      डॉ. मुक्ता टंडन







चेहरे पर भरपूर रंगरोगन, होंठों पर चटक लाली, तन पर रंग बिरंगी भड़कीली साड़ी, आकर्षक केश सज्जा, गहनों से सजा शरीर, ख़ुशी के हर मौके पर नाचते गाते और विशेष करतल ध्वनि से लोगों का ध्यान आकर्षित करते व्यक्ति जिन्हें लैंगिक सन्दर्भ में हिजड़ा, उभयलिंगी, नपुंसक, किन्नर, क्लीव, थर्ड जेंडर या ट्रांस जेंडर आदि नामों से पुकारा जाता है। धर्म या जातिगत विभेद इनमें नहीं होता। भारतीय समाज में यह लैंगिक वर्ग उपेक्षित व हास्य का पात्र रहा है तथा किसी पुरुष की मर्दानगी को उक्त संबोधनों से व्यंग्यात्मक लहजे में संबोधित किया जाता है। शरीर के किसी भी अंग में विकृति होने पर संतान को त्यागा नहीं जाता पर जननांग का विकास न होने पर ऐसे अबोध बच्चों का त्याग एवं समाज द्वारा की जाने वाली अनदेखी इनके आत्मसम्मान को सदैव ठेस पंहुचाते हैं।

संतानोत्पत्ति की धुरी पर ही समाज की सोच टिकी है।ऐसे में लैंगिक विकृति से ग्रस्त बच्चे व युवा समाज की मुख्यधारा से हमेशा कटे रहते हैं। अभिभावक भी इनका त्याग कर समाज के प्रति जवाबदेही निभाते हैं। भावनात्मक रूप से इस प्रकार के बच्चों  को ज्यादा स्नेह की आवश्यकता होती हैं इसके विपरीत इन से जीने का हक ही छीन लिया जाता है। न ये स्त्री है न पुरुष इसमें स्वयं का कोई दोष न होते हुए भी तिरस्कार का दंश आजीवन ये भोगते हैं। किन्नर समुदाय का रहन सहन रीति रिवाज अलग थलग होता है। इनका जीवन स्त्रीयों व दलितों से भी निकृष्ट कोटि का हैं।निस्संदेह इस समुदाय पर पर साहित्यिक विमर्श अपेक्षित है।

इन विसंगतियों के अतिरिक्त कभी कभी जबरन किन्नर बनाये जाने की घटनाएँ भी संज्ञान में आती है।कई बार माता पिता से बलात इन विशेष बच्चों को उक्त समुदाय के जाता है।इतना ही नहीं किन्नर होने की आड़ में गुंडागर्दी और शारीरिक शोषण भी होता है। रहस्यमयी वातावरण से घिरे किन्नर समुदाय के तिलिस्म पर डॉ.एम.फीरोज़ खान द्वारा सम्पादित 'हम भी इंसान हैं' पुस्तक प्रकाश डालती है। डॉ. खान ने किन्नर समुदाय से जुडी 21 कहानियों का एकत्रीकरण कर संपादन किया है। जिनमें नए सन्दर्भ की आशा, नकारात्मक दृष्टिकोण, स्वावलंबन, स्वाभिमान,नाटक, छल आदि अनेक रूपक हैं ,जिनसे उक्त वर्ग के सभी पहलूओं पर पर्याप्त प्रकाश पड़ता है।

उक्त संग्रह की कहानियों में किन्नर होने का दर्द समाहित है।  एक किन्नर अपने जीवन की इस अपूर्णता का दंश जीवन के अंतिम क्षण तक भुगतता है। जिस बच्चों को इस अक्षमता का भान ही नहीं होता उनके सत्य को जान कर जब समाज मखौल उड़ाता है तो यही प्रतीत होता है कि क्लीव हम हैं जो इस सामाजिक अनाचार को स्वीकारने हेतु विवश हैं। समय के साथ कहीं न कहीं सोच में परिवर्तन आना जरुरी है। किन्नर होने का ये अर्थ  नहीं है कि वे इस त्याज्य भाव को नियति मानकर स्वीकार कर ले अपितु उन्हें अपने अस्तित्व के स्थायित्व के लिए संघर्षरत रहना चाहिए। संग्रह की पहली कहानी 'कुकुज़ नेस्ट' ऐसी ही कहानी है जिसमें किन्नरों के सामाजिक अधिकारों एवं बुनियादी जरूरतों की विस्तृत विवेचना की गई है। 'समाज में शारीरिक व मानसिक रूप से विकलांग लोग भी होते हैं वे अपने श्रम और उत्साह से सामान्य जीवन जी सकते हैं। फिर हम क्यों नहीं?...लैंगिक विकृति की इतनी बड़ी सजा क्यों?'सिर्फ नाचना-गाना कर जीवन यापन करने के बजाय इन्हें भी व्यवसायिक प्रशिक्षण देकर सुविधा मिल सकती है और मुख्यधारा में लाने का प्रयास भी हो सकता है परन्तु फिर भी ऐसा नहीं हो पाता इन्हें अपनी पहचान छुपा कर ही सफलता मिलती है।

'कबीरन' कहानी भी हृदयस्पर्शी है जहाँ घर वापसी के सारे दरवाजे बंद हो जाते हैं। मुख्यधारा में आने का दिवास्वप्न टूटने का कारण यही है कि किन्नरों को सामान्य जीवन जीने को नहीं मिलता बल्कि संवेदनहीनता का परिचय दिया जाता है। इस कहानी की पंच लाइन है 'समय ने रिश्ते के दरिया को सुखा दिया है। उसके सामने केवल मरुस्थल है।'कबीरन की इस दशा का उत्तरदायी कौन है परिवार या समाज?अस्तित्व की लड़ाई के इस जद्दोजहद में कबीरन का चरित्र निखर कर सामने आया है। अपने भाई से वह घर वापसी के विषय में स्पष्ट मना कर देती है क्योंकि पुन: वह मानसिक व शारीरिक दंश भोगना नहीं चाहती।

'गली आगे मुड़ती है' नील की कहानी है जिसने सबसे अपनी  असली पहचान छुपाई और मुंबई में फैशन डिजाइनर बना इतना ही नहीं उसने   समाज की सताई  रायना को भी पहचान दिलाई मन ही मन दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे लेकिन नील ने उसे भी अपनी सच्चाई नहीं बताई। अपने घर से दूर बनाई गई पहचान से वो खुश था इसलिए डरता भी था। रायना पर उसका राज जाहिर हुआ तो वो दूरी बनाने लगा लेकिन रायना ने उसके साथ दोस्त की तरह खड़े रहने का फैसला लिया वह जानती थी नील को सहानुभूति की नहीं साथ की ज्यादा जरुरत है। जिसके लिए किसी रिश्ते में बंधने के वो मोहताज नहीं हैं।

'मैं फूलमती और हिजड़े' कहानी स्त्री शोषण की कहानी है। सीमा स्वाभिमानी स्त्री है जो विवाह के बाद नौकरी छोड़ने की सोचती है। फूलमती से मिलने पर उसे अपने जीवन के ही एक पक्ष का दर्शन होता है। दोनों स्त्रियों ने जिन पुरुषों को पति के रूप में चुना था वे पुरुष के नाम पर कलंक हैं जिनके लिए स्त्रियाँ अपने स्वार्थ के लिए सौदे की चीज़ हैं। फूलमती को बिहारी धन के लिए और सीमा  को मयंक अपनी तरक्की के लिए अस्त्र बनाते हैं। फूलमती को एक किन्नर इस कीच से बाहर निकालता है पर फूलमती को जिल्लत उठानी पड़ती है लेकिन वो इन सबका सामना करने को तैयार है।  इससे सबक लेकर सीमा भी मयंक की जिद के आगे झुकने से इनकार कर देती है। प्रश्न ये उठता है कि इस नीच कर्मों से पुरुष का पुरुषत्व खंडित नहीं होता वह फिर भी मर्द है और पुरुषत्व का प्रदर्शन करने वाला किन्नर क्लीव। वास्तविकता तो ये हैं बिहारी और मयंक जैसे पुरुष वास्तव में नपुंसक हैं जो स्त्री को भोग की वस्तु की तरह इस्तेमाल करने से भी नहीं हिचकते।

'नवाब' अत्यंत मार्मिक कहानी है जिसमें एक किन्नर के ममत्व को प्रस्तुत किया गया है कुछ वर्ष पहले परेश रावल अभिनीत तमन्ना फ्लिम की पृष्ठभूमि यही थी। फर्क इतना है कि नवाब बच्ची जया के लिए वो जिन्दगी छोड़ देता है रिक्शा चलाता है उसे पालता है पर उसके इस संवेदात्मक पक्ष का मजाक उड़ता है। जया को अपनी किडनी देकर उसके प्राण बचाता है। उसे हॉस्टल मिलने नहीं जाता ताकि उसका भविष्य ख़राब न हो उसके विवाह के समय आशीष देने के लिए वह वही रूप धारण करता है। और जया को खुश देखकर अंतिम यात्रा पर चल देता है। एक सामान्य पिता से बढकर वह अपनी सभी जिम्मेदारियां बखूबी निभाता है।

'मन मरीचिका' ट्रांसजेंडर की लिंग परिवर्तन की कथा है जहाँ विज्ञान का सहारा लेकर सुलोचना मानव को कुंठित जीवन से बचाकर मनु के रूप में परिवर्तित देखकर प्रसन्न होती है। संघर्ष यहाँ भी अधिक था पर मानव का भीतरी रूप ही उसका वास्तविक  रूप था लेकिन समाज व परिवार के आगे इसे स्वीकार कर पाना मानव के लिए कठिन था।  सुलोचना और ऋचा उसे मनोवैज्ञानिक स्तर पर तैयार करती हैं ताकि वो घुट घुट के न जिए। जिस तथ्य को मानव के अभिभावकों ने जरुरी नहीं समझा उसका मित्र मण्डली ने न केवल संज्ञान लिया अपितु मानव को इस नए परिवर्तन के लिए तैयार भी किया।

'मैमूना, मोमिना और मैनू' एक ऐसे घर की कहानी है जहाँ एक बच्ची को छोड़ कर शेष सभी बच्चे किन्नर हैं। बड़ा होने पर मैमूना,मोमिना और मैनू अपने भांजे अशरफ को पालते हैं पर जब समाज के आगे रिश्ते स्वीकार करने की बात आती है अशरफ अपने पिता के पास चला जाता है। भले ही मजबूरी में वे तीनों अपने दिल पर पत्थर रख अपनेपन का घाव सह लेते हैं। स्वार्थ का रिश्ता यहाँ वर्णित है।

'ज्योति सूना नयन' उन अधूरे एहसासों की कहानी है जो सामाजिक पूर्णता के मोहताज नहीं हैं। दो अपूर्ण भी प्रेम  व स्नेह से अपने जीवन को पूर्ण कर सकते हैं। समाज में शारीरिक तौर पर अक्षम लोगों को सामान्य दायरे से बाहर ही रखा जाता है। भावनात्मक तौर पर उनकी अनदेखी की जाती है। जब अपने ही जैसे किसी व्यक्ति से उन्हें स्नेह  मिलता है तो जीवन संघर्ष सरल हो जाता है। अगर विकास के पास दृष्टि होती और सामान्य डील डौल होता तो कल्पना की अपूर्णता उसे मान्य न होती। अंतर्मन की ज्योति से कल्पना जैसे साथी को पाकर वह अपने जीवन में सफलता के चरण चूमता है। यदि मन में हौसला हो और आगे बढने की ललक हो कोई भावनात्मक सहारा दे तो अक्षमता पैरों की बेडी नहीं बन सकती।

'एक किन्नर की लव स्टोरी' प्रेम की पराकाष्ठा और धोखे दोनों को व्यंजित करती है। किन्नर भी प्रेम भावना रखते हैं जब कोई उनसे प्रेम की भावना को अभिव्यक्त करता है तो वे भी सामान्य स्त्री की तरह विश्वास में सर्वस्व न्यौछावर कर देते हैं लेकिन ये प्रेम जब छलावा बन जाता है तब उन्हें अपनी इस अंधी प्रेम भावना का मूल्य प्राण देकर चुकाना पड़ता है।

'समर से सुरमई' समाज की वह सच्चाई है जिसमें एक माँ अपनी संतान को किन्नर होने के सामाजिक अभिशाप से नहीं बचा पाती क्योंकि स्वयं उसका पति ही अपने घर की लाज बचाने के लिए अबोध संतान को शोषण के अंध कूप में पहुचाता है। असली नपुंसक तो वह पिता है जो अपनी संतान के अधिकार व सुरक्षा का दायित्व निर्वाह नहीं कर पाया।

'अँधेरे की पर्ते' भी एक माँ के ऐसे ही असफल संघर्ष को व्यक्त करती है। एक माँ की दृष्टि में उसके बच्चे दुनिया में विशेष होते हैं। निशा ने जिस जन्म दिया वह विशेष ही था इतना विशेष की उसके पिता ने किन्नर समुदाय में देने का निश्चय कर लिया ऐसे में निशा संरक्षक की भूमिका निभाती है पर समाज की दृष्टि से परेश को बचा नहीं पाती। जिस जीवन को वह रक्षित करती रही उसे और अपनी सांसों दोनों को खो दिया।

'नियति' रीतेश के रितु बनकर उसी आँगन में  खड़े होने की कहानी है जहाँ उसने अभिशप्त जीवन बिताया था। पुन: घर वापसी को वो नकार देता है। अब उसका समुदाय ही उसका परिवार है। माता पिता का प्रेम भले ही उसे पिघला देता पर समाज की सोच को नहीं बदल सकता था इसलिये अपनी नियति दूसरों की ख़ुशी में तलाशता है।
'अपना दर्द' कहानी में किन्नर समुदाय के भीतर होने वाले शोषण और आगे बढ़ने की ललक के जुझारूपन पर प्रकाश डाला गया है।सिर्फ नाचना,गाना,गाली सुनन,लूटपाट या शारीरिक भोग ही किन्नरों की नियति नहीं है यदि सही मार्गदर्शन मिले और कुछ कर गुजरने की इच्छा हो तो समाज प्रदत्त दंश से काफी हद तक मुक्ति मिल सकती है।

'भूमिजा' एक प्रेरणादायी कहानी है उन अभिभावकों के लिए जिन्हें अपने बच्चो को भाग्य भरोसे छोड़ने के बजाय मेडिकल साइंस का सहारा लेकर जन्मजात विकृति का इलाज कराकर मुख्य धारा में जोड़ दिया। भूमिजा को उसके माता पिता जमीन में गाड़ देते है लेकिन फूलमतिया उसे लेकर अपने मालिक-मालकिन के पास जाती है जो उसे पालते हैं और इलाज करवा कर सामान्य जीवन जीने में सहायता करते हैं। इस प्रकार का इलाज मंहगा होने से अधिकांश बच्चे किन्नर का अभिशप्त जीवन बीताने को विवश हैं। इस प्रकार की लैंगिक चिकित्सा यदि सस्ती दरों पर मिले तो अधिकांश बच्चे इस पीड़ादाई जीवन से बच सकते हैं।

'पद्मश्री थर्डजेंडर'  उन अभिभावकों व बच्चों के लिए प्रेरणादायी कहानी है जो सामाजिक अनदेखी को झेलते और संघर्ष की राह पर चलते हुए कुछ ऐसा कर जाते हैं जिससे समाज में उनकी प्रतिष्ठा बनती है। महीधर  पर्वतारोही बन कर ये सिद्ध करता है कि हौसला और अपनों का साथ हो तो ये विशेष बच्चे भी क्या कुछ नहीं कर सकते।

'ट्रांसजेंडर' उन व्यक्तियों की मनोदशा को व्यक्त करता है जिनमें लैंगिक दोष नहीं होता पर आचरण से वे समलैंगिक होते हैं। यह समस्या मनोवैज्ञानिक होती है और इसका उपचार संभव है परन्तु इस प्रक्रिया में समर्पण,धैर्य और प्रेम की आवश्यकता होती है।किशोरवय संतानों की इस पीड़ा को यदि अभिभावक नहीं समझेंगे तो बच्चे  किससे अपनी समस्या कहेंगी? जेंडर ट्रांसप्लांट को गलत समझना सही नहीं है कुमुद के पिता इस सत्य को स्वीकार न कर सके और बीमारी से ग्रस्त हो वे मृत्यु को प्राप्त हुए ।कुमुद की माँ ने अपनी संतान की मनोभावना को समझा और उसका साथ दिया।

उक्त संग्रह की पांच कहानियां अनूदित हैं एक एक उर्दू व बांग्ला और तीन पंजाबी भाषा से गृहीत है। 'मृत्यु के बाद किन्नर का अपनी माँ को ख़त' एक मार्मिक कहानी है जिसमें किन्नर पुत्र का दर्द अपनी माँ के नाम वर्णित है। माँ का हृदय संतान के लिए दुनिया से भिड़ जाता है पर कठिन चुनाव तब होता है जब उसे अपने सुहाग और किन्नर संतान में से किसी एक को चुनना होता है। जन्म के सम्बन्ध भी तब झूठे सिद्ध हो जाते है। वह संतान सारी शिकायत और व्यथा माँ से कह सकती है और ये अपेक्षा करती है की क़यामत के दिन उसकी अम्मी खुदा के सामने अपनी संतान का पक्ष ले सके। क्या विडंबना है अपंग बच्चों को माटा पिता और समाज सहज स्वीकार करता है पर इन अपूर्ण बच्चो के लिए अपना कोई फ़र्ज़ नहीं निभाता।

'वृहनल्ला' अर्चना नाम की किन्नर की कहानी है जिसकी भेंट मऊ और सुवर्णा से लोकल ट्रेन में होती है। मऊ उससे सामान्य व्यवहार करती पर सुवर्णा को उसकी हरकतें एवं बातें सही नहीं लगती अर्चना से शुरू हुई नोक झोक में सुवर्णा उसे अभद्रता से इस सत्य से अवगत कराती है कि वह स्वयं को स्त्री समझने की भूल न करे। हंसी मजाक में शुरू हुआ किस्सा घातक सत्य पर जाकर समाप्त होता है।

'खामोश महाभारत' पौराणिक प्रतीक पर रचित कहानी है।महाभारत में अरावन नामक पात्र का वर्णन है जिसकी बलि से ही पांडव विजयी हुए अरवल की एक शर्त थी कि उसका विवाह हो परन्तु एक दिन की सुहागन बनने के लिए कौन स्त्री तैयार होती। ऐसे में कृष्ण ही स्त्री का रूप धारण करते हैं और बलि के बाद विलाप भी करती हैं। चेन्नई के निकट कुमागम में अरावन का मंदिर है जहाँ किन्नर उनसे विवाह कर अगले जन्म में ऐसा दंशमयी जीवन उन्हें न मिले। निरंजना भी यही  आस लिए  अरावन से विवाह कर अपने इस जीवन से मुक्ति चाहती है। किन्नरों को अपना सारा जीवन उसी विलाप की तरह बिता होता है जैसा विलाप कृष्ण ने अरावन की पत्नी के रूप में किया था।

'खौदा चाचा' में जवाहर लाल नेहरु के प्राण बचाने वाले  किन्नर खौदा चाचा का भले ही ऐतिहासिक महत्त्व न हो पर इतना तो तय है कि उन्होंने सामान्य मनुष्य से ज्यादा बहादुरी दिखाई। उन्होंने अपना जीवन समाज सेवा के नाम कर दिया। एक ऐसी पीढ़ी तैयार करने लगे जो जागरूक  और स्वावलंबी हो।

'किन्नर' कहानी में वर्णित है कि कभी कभी पुरुष भी किन्नर का भेष धर कर शारीरिक शोषण भी करते हैं तेरह वर्षीय बच्ची जब अपनी माँ से किन्नर और संतानोत्पत्ति विवाह सम्बन्धी प्रश्न पूछती है तो माँ ये कह कर चुप करा देती है कि बड़ी हो जाओगी तब पता चलेगा। ऐसे में मरियम उसे नीलू किन्नर से मिलाती है और नीलू वास्तव में पुरुष है और दोनों लड़कियों का शोषण करता है। जब तक इस बात का पता चलता है तब तक बहुत देर हो जाती है।

कहते है कि भगवान शिव ने प्रकृति व पुरुष के सम्मिलन और सामंजस्य को सिद्ध करने के लिए भृंगी ऋषि के पुरुषवादी अभिमान को नष्ट करने हेतु शिव शक्ति का मिश्रित अर्द्धनारीश्वर रूप धारण किया था। आधा पुरुष आधा स्त्री का यह मिश्रण हम धार्मिक तौर पर पूजते हैं पर जब वही गुण  एक मनुष्य में अनुवांशिक दोष  से आता है तो उसे मुख्य धारा से पृथक कर एक अभिशप्त जीवन जीने को बाध्य कर देते हैं । वास्तव में नपुंसक तो हमारा  मनोग्रन्थि व मर्दानगी के दंश से युक्त समाज है जो इस प्रकार का दोहरा व्यवहार करता है जबकि देवता भी ललित कला सीखने किन्नरों के पास जाते थे। श्री राम ने किन्नरों को वरदान दिया कि कलयुग में इन्हें व्यापक सम्मान मिलेगा। महाभारत काल में  शिखंडी के सामने भीष्म पितामह ने अस्त्र रख दिए और श्राप को  स्वीकार किया। वृहनल्ला के रूप में अर्जुन ने अपना पुरुषत्व गर्व खंडित कर अज्ञातवास पूरा किया। समाज में इस वर्ग के प्रति जो धारणा है वह नकारात्मक है बावजूद इसके कुछेक मात्रा में किन्नर अपने आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए संघर्षरत हैं। हिंदी साहित्य वर्ग इनके संघर्ष में कदमताल मिलाने को तत्पर है यह संतोषप्रद स्थिति है। श्री राम के वरदान को अभी फलीभूत होने में काफी समय है।किन्नर समाज को धीरे धीरे पहचान मिल रही है 'अन्य' के कॉलम से 'थर्ड जेंडर ' तक पंहुचने में कई वर्ष लग गए। सामाजिक न्याय, राजनीति तथा कानून की त्रयी ही उन्हें मुख्य धारा में स्वाभिमान से जीना सिखा सकती है। इसके साथ ही पारिवारिक सहयोग भी अपेक्षित है। पुरुषत्व से जुडी रूढीवादी सोच में बदलाव आवश्यक है ।  लैंगिक विकृति के साथ जन्मे बच्चे अभिशप्त  नहीं होते हैं उनके भी वही मौलिक अधिकार हैं जो सामान्य बच्चों को प्राप्त हैं। किन्नर भी इंसान है, उनका दमन नहीं वरन उत्थान आवश्यक है। नारी और दलित विमर्श के उपरान्त अब किन्नर विमर्श पर हो रही चर्चाओं से स्पष्ट है कि धीरे धीरे  ही सही किन्नर वर्ग की जिजीविषा को कलम का साथ मिलने लगा है और उनके जीवन -रहस्य से पर्दे उठने लगे हैं।

सं. डॉ. एम. फीरोज खान, हम भी इंसान है
 (किन्नरों पर केन्द्रित कहानियां)
वाङ्मय बुक्स
205 ओहद रेजीडेंसी, मिल्लत कॉलोनी, दोदपुर रोड,
अलीगढ़-202002
फ़ोन : 09044918670
Emails/Webside
info@vangmay.com/vangmaya@gmail.com
vangmaya.prakashan@gmail.com
http://www.vangmay.com

                                                                                                                                                       समीक्षक : डॉ.मुक्ता टंडन
द्वारा श्री जय किशन टंडन, 130, सुभाष नगर, गोंडा (उ.प्र.)
मोबाइल -7800782000 ई-मेल-mkhanna331982@gmail.com





साभार प्रस्तुति  :   नीलम शर्मा 'अंशु'






सोमवार, फ़रवरी 05, 2018

कहानी श्रृंखला - 18 / करामात - करतार सिंह दुग्गल अनुवाद - नीलम शर्मा ‘अंशु’

       पंजाबी कहानी                   करामात

 

                                            0 करतार सिंह दुग्गल


                                               अनुवाद नीलम शर्मा अंशु

 

और फिर बाबा नानक घूमते-घूमते हसन अबदाल के जंगल में जा पहुँचे। गर्मी बहुत थी। चिलचलाती धूप। चारों ओर सुनसान, पत्थर और रेत ही रेत। झुलसी हुई झाड़ियां, सूखे हुए पेड़। दूर-दराज तक कहीं इन्सान नज़र नहीं आ रहा था।

और फिर अम्मी?’  मैंने सुनते हुए पूछा।

बाबा नानक अपने ध्यान में मग्न चलते जा रहे थे कि मरदाने को प्यास लगी, पर वहाँ पानी कहाँ? बाबा ने कहा, ‘मरदाने थोड़ा सब्र कर ले, अगले गाँव पहुँच कर जितना तेरा जी चाहे, तू पानी पी लेना।पर मरदाने को तो बहुत प्यास लगी हुई थी। बाबा नानक यह सुनकर चिंतित हुए। इस जंगल में दूर-दूर तक पानी नहीं था। और जब मरदाना ज़िद कर बैठता तो सबके लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर देता था। बाबा ने फिर समझाया,

मरदाने यहाँ कहीं भी पानी नहीं है, तू सब्र कर ले, ईश्वर की करनी समझ ले।’  पर मरदाना तो वहीं का वहीं बैठ गया। उससे और एक कदम भी आगे नहीं चला जा रहा था। गुरु नानक मरदाने की ज़िद को देख बार-बार मुस्कराते, हैरान होते। हार कर जब उन्होंने मरदाने को किसी भी तरह बहलते न देखा, तो वे अंतर्ध्यान हो गए। जब गुरु नानक की आँख खुली तो मरदाना मछली की भाँति तड़प रहा था। सत्गुरु उसे देख मुस्कराए और कहा – ‘भाई मरदाने इस पहाड़ी पर एक कुटिया है, जिसमें वली कंधारी नामक एक दरवेश रहता है। यदि तुम उसके पास जाओ तो तुम्हें पानी मिल सकता है। इस क्षेत्र में केवल उसका ही कुआँ पानी से भरा पड़ा है, और कहीं भी पानी नहीं।

फिर अम्मी ?’ मैं यह जानने के लिए बेचैन हो रहा था कि मरदाने को पानी मिलता है या नहीं।

मरदाने को बहुत प्यास लगी थी, सुनते ही वह पहाड़ी की तरफ दौड़ पड़ा। कड़कड़ाती दोपहर, इधर प्यास, उधर पहाड़ी का सफ़र, बदहवास, पसीने से तरबतर मरदाना बड़ी मुश्किल से वहाँ पहुँचा। वली कंधारी को सलाम कर उसने पानी के लिए प्रार्थना की। वली कंधारी ने कुएँ की तरफ इशारा किया। जब मरदाना कुएँ की तरफ जाने लगा, तो वली कंधारी के मन में कुछ विचार आया और उसने मरदाने से पूछा, ‘भले आदमी तुम कहाँ से आए हो ?’ मरदाने ने कहा, ‘मैं नानक पीर का साथी हूँ। हम चलते-चलते इधर आ पहुँचे हैं। मुझे बहुत प्यास लगी है और नीचे कहीं भी पानी नहीं है।’  बाबा नानक का नाम सुनकर वली कंधारी को जैसे आग लग गई हो और उसने मरदाने को अपनी कुटिया से उसी क्षण बाहर निकाल दिया। थके हुए मरदाने ने नीचे आकर बाबा नानक से फरियाद की। बाबा नानक ने उसकी सारी व्यथा सुनी और मुस्करा दिए। मरदाने तुम एक बार फिर जाओ। बाबा नानक ने मर्दाने को सलाह दी। इस बार तुम विनम्र हृदय लेकर जाओ, कहना मैं नानक दरवेश का साथी हूँ।’  मरदाने को तीव्र प्यास लगी थी। पानी और कहीं नहीं था। चिढ़ता हुआ मरदाना फिर से वहीं चल पड़ा। पर पानी वली कंधारी ने फिर भी न दिया। मैं एक काफ़िर के साथी को चुल्लू भर पानी भी नहीं दूंगा। वली कंधारी ने मरदाने को फिर ज्यों का त्यों लौटा दिया। जब मरदाना इस बार नीचे आया तो उसका बुरा हाल हो रहा था। उसके होठों पर पपड़ी जमी हुई थी। मुँह पर पसीना आ रहा था। ऐसा प्रतीत होता था कि मरदाना घड़ियों, पलों का मेहमान है। बाबा ने सारी बात सुनी और मरदाने को धन्य निरंकारकह कर एक बार फिर वली कंधारी के पास जाने को कहा। हुक्म का पाबंद मरदाना चल पड़ा परंतु उसे मालूम था कि रास्ते में ही उसके प्राण निकल जाएंगे। मरदाना तासरी बार पहाड़ की चोटी पर पहुँच वली कंधारी के चरणों में जा गिरा पर क्रोध में जल रहे फकीर ने उसकी प्रार्थना को इस बार भी ठुकरा दिया। नानक स्वयं को पीर कहलवाता है

और अपने शिष्य को पानी का घूंट तक नहीं पिला सकता।वली कंधारी ने बहुत भला-बुरा कहा। मरदाना इस बार जब नीचे पहुँचा तो प्यास से व्याकुल होकर बाबा नानक के चरणों में बेहोश हो गया।

गुरु नानक ने मरदाने की पीठ पर हाथ फेरा, उसे हौंसला दिया और जब मरदाने ने आँख खोली, बाबा ने उसे सामने एक पत्थर उखाड़ने के लिए  कहा। मरदाने ने पत्थर उखाड़ा और नीचे से झरना फूट पड़ा। जैसे पानी की नहर बह रही हो। और देखते ही देखते ही चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। इतने में वली कंधारी को पानी की ज़रूरत पड़ी। कुएँ में देखा तो पानी की एक बूंद भी न थी। वली कंधारी बेहद हैरान हुआ। और नीचे पहाड़ी के कदमों में पानी की धाराएं बह रही थीं, चश्मे नज़र आ रहे थे। वली कंधारी ने देखा, दूर बहुत दूर एक कीकर के पेड़ के नीच बाबा नानक और उनका साथी बैठे थे। क्रोध से वली कंधारी ने चट्टान के एक टुकड़े को अपने पूरे ज़ोर से नीचे की तरफ धकेल दिया। इस प्रकार पहाड़ी को अपनी तरफ आता देख मरदाना चिल्ला उठा। बाबा नानक ने मरदाने को विनम्रतापूर्वक धन्य निरंकारकहने के लिए कहा। जब पहाड़ी का टुकड़ा बाबा के सर के पास आया तो गुरु नानक ने उसे अपने हाथ के पंजे से रोक लिया। और हसन अब्दाल में, जिसका नाम अब पंजा साहब है, अब तक पहाड़ी के टुकड़े पर बाबा नानक का पंजा लगा हुआ है।

मुझे यह साखी बहुत अच्छी लग रही थी, पर जब मैंने हाथ से पहाड़ी को रोकने की बात सुनी तो मेरे मुँह का स्वाद फीका-फीका सा हो गया। यह कैसे हो सकता हैकोई व्यक्ति पहाड़ी को कैसे रोक सकता है? पहाड़ी पर अभी तक गुरु नानक का पंजा लगा हुआ है। मुझे ज़रा भी यकीन न आता। बाद में किसी ने तराश दिया होगा। मैं अपनी माँ से काफ़ी देर तक बहस कहता रहा। मैं यह तो मान सकता था कि पत्थर के नीचे से पानी फूट पड़े। विज्ञान ने कई तरीके निकाले हैं, जिनसे पानी वाली जगह का पता लगाया जा सकता है, परंतु एक व्यक्ति का लुढ़कती आ रही पहाड़ी को रोक लेना, मैं यह नहीं मान सकता था। मैं नहीं मान रहा था और मेरी माँ मेरे मुँह की तरफ देखकर ख़ामोश हो गई।

कोई लुढ़कती आ रही पहाड़ी को कैसे रोक सकता है?’ मुझे जब भी इस साखी का ख़याल आता, मैं फीकी हँसी हँस देता।

कई बार गुरूद्वारे में यह साखी सुनाई गई, पर पहाड़ी को पंजे से रोकने के बात मेरे गले नहीं उतर रही थी।

एक बार यह साखी हमें स्कूल में सुनाई गई। पहाड़ी को पंजे से रोकने वाले अंश पर मैं अपने अध्यापक से तर्क करने लगा।

करनी वाले व्यक्तियों के लिए कुछ भी कठिन नहीं।’  हमारे अध्यापक ने कहा और मुझे चुप करा दिया।

मैं चुप तो हो गया, पर मुझे यकीन नहीं आ रहा था। आख़िर पहाड़ी को कैसे रोक सकता है? मेरा जी चाहता कि मैं ज़ोर-ज़ोर से चीख कर कहूँ।

ज़्यादा दिन नहीं गुज़रे थे कि हमने सुना, पंजा साहब में साका हो गया है। उन दिनों साके बहुत होते थे। जब भी कोई साका होता मैं समझ जाता कि आज हमारे घर खाना नहीं पकेगा और रात को ज़मीन पर सोना पड़ेगा। पर साका होता क्या है ? यह मुझे मालूम नहीं था।

 हमारा गाँव पंजा साहब से ज़्यादा दूर न था। जब साके की ख़बर आई मेरी माँ पंजा साहब चल दीं। साथ मैं था और मेरी छोटी बहन। पंजा साहब के सफ़र के दौरान सारा रास्ता मेरी माँ की आँखें नहीं सूखीं। हम हैरान थे कि यह साका होता क्या है।

और अब जब पंजा साहब पहुँचे तो हमने एक अजीब कहानी सुनी।

दूर किसी एक शहर में फिरंगी ने निहत्थे हिंदुस्तानियों पर गोली चलाकर कई लोगों को मार दिया था। मृतकों में नौजवान भी थे, महिलाएं भी, बच्चे भी। और जो बाकी रह गए थे, उन्हें गाड़ी में डालकर किसी अन्य शहर की जेल में भेजा जा रहा था। कैदी भूखे थे, प्यासे थे। और आदेश यह था कि गाड़ी को रास्ते में कहीं न रोका जाए। जब पंजा साहब यह ख़बर पहुँची, जिस किसी ने सुना लोगों के तन-बदन में आग लग गई। पंजा साहब, जहाँ गुरु नानक ने स्वयं मरदाने की प्यास बुझाई थी, उस शहर से भरी गाड़ी प्यासों की गुज़र जाए, मजलूमों की गुज़र जाए, यह कैसे हो सकता था?

और फैसला यह हुआ कि गाड़ी को रोका जाएगा। स्टेशन मास्टर से गुज़ारिश की गई, टेलीफोन खड़के, तार भेजे गए, पर फिरंगी का हुक्म था कि गाड़ी रास्ते में कहीं नहीं रोकी जाएगी। और गाड़ी में आज़ादी के परवाने, देशभक्त हिंदुस्तानी भूखे थे, उनके लिए पानी का कोई प्रबंध न था, खाने का कोई इंतज़ाम न था। गाड़ी को पंजा साहब नहीं रुकना था। पर पंजा साहब के लोगों का फैसला अटल था कि गाड़ी को अवश्य रोकना है और शहरवासियों ने स्टेशन पर रेटियों के, खीर के, पूरियों, दालों के ढेर लगा दिए।

पर गाड़ी तो एक आँधी की तरह आएगी और तूफान की तरह निकल जाएगी। उसे कैसे रोका जा सकता था?

और मेरी माँ की सहेली ने हमें बताया – ‘उसी जगह पटरी पर पहले वो लेटे, मेरे बच्चों के पिता। फिर उनके साथ उनके अन्य साथी लेट गए। उनके बाद हम पत्नियां लेट गईं। फिर हमारे बच्चे.... और फिर गाड़ी आई, दूर से चीखती हुई, चिल्लाती हुई, सीटियां मारती हुई। अभी दूर ही थी कि धीमी हो गई। पर रेल थी, तो धीरे-धीरे ही रुकनी थी। मैं देख रही थी कि पहिए उनके सीने पर चढ़ गए। फिर उनके साथियों के सीने पर... और फिर मैंने आँखें बंद कर लीं। मैंने आँखें खोलीं तो गाड़ी मेरे सर के पास खड़ी थी। मेरे साथ धड़क रहे सीनों से आवाज़ें आ रही थीं, ‘धन्य निरंकार, धन्य निरंकार।और फिर मेरे देखते ही देखते गाड़ी मुड़ी। गाड़ी मुड़ी और उसके पहियों के नीचे आई लाशों के टुकड़े-टुकड़े हो गए...

मैंने अपनी आँखों से लहू की बहती हुई नदी को देखा। बहती-बहती कितनी ही दूर एक पक्के बने नाले के पुल तक चली गई थी।

और मैं हैरान था। मेरे मुँह से बोल नहीं फूटा। सारा दिन मैं पानी का घूँट तक न पी सका।

शाम को जब हम लौट रहे थे, रास्ते में मेरी माँ ने मेरी छोटी बहन को पंजा साहब की साखी सुनानी शुरू कर दी। कैसे गुरु नानक मरदाने से साथ इधर आए। कैसे मरदाने को प्यास लगी। कैसे उन्होंने उसे वली कंधारी के पास पानी के लिए भेजा। वली कंधारी ने कैसे तीन बार मरदाने को निराश वापस लौटा दिया। किस प्रकार बाबा नानक ने मरदाने को एक पत्थर उखाड़ने के लिए कहा। किस प्रकार नीचे से पानी का चश्मा फूट पड़ा और वली कंधारी के कुएँ का सारा पानी नीचे खिंचा आया। फिर किस प्रकार क्रोध में वली कंधारी ने ऊपर से पहाड़ी का एक टुकड़ा लुढ़काया।

किस प्रकार मरदाना घबराया, पर बाबा नानक ने धन्य निरंकारकहकर अपने हाथ से पहाड़ी को रोक लिया।

पर पहाड़ को कोई कैसे रोक सकता है?’ मेरी छोटी बहन ने सुनते ही झट से माँ को टोका।

क्यों नहीं रोक सकता? मैं बीच में बोल उठा। आँधी की भाँति उड़ती हुई रेलगाड़ी को यदि रोका जा सकता है तो पहाड़ के टुकड़े को कोई क्यों नहीं रोक सकता?’  यह सुनकर मेरी माँ की आँखों से छम-छम आँसू बहने लगे।

 

 

****

 करतार सिंह दुग्गल


(1 मार्च 191726 जनवरी 2012) रावलपिंडी जिले के धमियाल (अब पाकिस्तान) में जन्म।

आकाशवाणी दिल्ली के केंद्र निदेशक और नेशनल बुक ट्रस्ट, दिल्ली के निदेशक, योजना आयोग के सूचना सलाहकार रहे, राज्य सभा के लिए नामांकन से भी सम्मानित किया गया। पद्मभूषण, साहित्य

अकादमी पुरस्कार सहित अनेक पुरस्कारों से समादृत।

 

अनुवादक परिचय - नीलम शर्मा अंशु

अलीपुरद्वार जंक्शन, (पश्चिम बंगाल) में जन्म। पंजाबी - बांग्ला से हिन्दी और हिन्दी - बांग्ला से पंजाबी में

अनेक  महत्वपूर्ण साहित्यिक अनुवाद। कुल 20 अनूदित पुस्तकें प्रकाशित।  अनेक लेख, साक्षात्कार, अनूदित

कहानियां-कविताएं स्थानीय तथा राष्ट्रीय स्तर की पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित।

 

विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली कोलकाता शहर की ख्यातिप्राप्त महिलाओं पर 50 हफ्तों 

तक राष्ट्रीय दैनिक में साप्ताहिक कॉलम लेखन।

 

24 वर्षों से आकाशवाणी के एफ. एम. रेनबो पर रेडियो जॉकी। भारतीय सिनेमा की महत्वपूर्ण शख्सीयतों पर आज की शख्सीयत कार्यक्रम के तहत् 75 से अधिक लाइव एपिसोड प्रसारित।

ई मेल - rjneelamsharma@gmail.com

                

 

 

 

 

 

                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                 

 




00000


योगदान देने वाला व्यक्ति