बांग्ला कविता
माचिस की तीली
0 सुकांत भट्टाचार्य
अनुवाद - नीलम शर्मा ‘अंशु’
मैं एक नन्हीं-सी माचिस की तीली हूँ।
इतनी तुच्छ कि शायद किसी को नज़र भी न
आऊं।
फिर भी जान लो—
मेरे मुँह पर बारूद मचल रहा है
सीने में मेरे कुलबुला रहा है धधक उठने का तीव्र आवेग
मैं एक माचिस की तीली हूँ।
याद है, उस दिन कैसी अफरा-तफरी मची थी?
घर के एक कोने में आग भड़क उठी थी—
तिरस्कारपूर्वक बिना बुझाए मुझे फेंक
दिया गया था!
न जाने
कितने घरों को जलाकर खाक़ कर दिया,
न जाने कितने महलों को मटियामेट कर
दिया।
मैंने अकेले ही - मैं एक नन्हीं-सी
माचिस की तीली।
ऐसे ही न जाने कितने नगरों, कितने राज्यों को
मैं ख़ाक में मिला सकती हूँ।
फिर भी क्या हमारा तिरस्कार करोगे?
याद नहीं? अभी तो उस दिन की ही बात है—
जब हम सब एक ही डिबिया में एक साथ
सुलग उठे थे;
चौंक गए थे तुम -
हमने तुम्हारे मलिन चेहरों का आर्तनाद
सुना था।
हमारी शक्ति कितनी असीम है,
यह तुम बार-बार अनुभव कर चुके हो;
फिर भी क्यों नहीं समझते
कि हम तुम्हारी जेबों में कैद होकर
नहीं रहेंगे।
हम निकल पड़ेंगे, हम फैल जाएंगे -
शहरों, कस्बों, गाँवों में—दिगंत से दिगंत तक।
हम बार-बार जल उठते हैं,
तुम्हारी अवहेलना के कारण—
यह तो तुम सब जानते ही हो!
लेकिन तुम यह नहीं जानते—
कब हम सब भड़क उठेंगे
एक साथ, आख़िरी बार!
//////----\\\\\\
परिचय
सुकांत भट्टाचार्य - जन्म 15 अगस्त 1926, निधन - 13 मई, 1947. बांग्ला साहित्य के बेहद प्रतिभाशाली कवि। मात्र 21 वर्ष की अल्पायु में असमय निधन के बावजूद उनकी कविताएं बांग्ला साहित्य को सदैव समृद्ध और अनुप्राणित करती रही हैँ। ब्रिटिश शासन, द्वितीय विश्व युद्ध, सामाजिक वैषम्य और शोषण के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करने के कारण वे 'किशोर विद्रोही कवि' और 'तरुण नजरूल' के रूप में ख्यात रहे। निधन के पश्चात् उनकी कविताओं को ख्याति प्राप्त हुई। क्रोड़पत्र,घूम नेई, पूर्वाभास, मिठेकौड़ा, हरताल उनके उल्लेखनीय काव्य ग्रंथ रहे।
000000
साभार - भाषा पत्रिका, जुलाई-अगस्त, 2026

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें